21 नवंबर से निकलेगी संपूर्ण शिप्रा प्रदक्षिणा यात्रा, शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद वर्चुअली होंगे शामिल 24 नवंबर को रामघाट पर होगा समापन, ‘एक दिया शिप्रा के नाम’ अभियान के तहत श्रद्धालु करेंगे दीपदान
0 minutes, 0 seconds Read
Spread the love
21 नवंबर से निकलेगी संपूर्ण शिप्रा प्रदक्षिणा यात्रा, शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद वर्चुअली होंगे शामिल
24 नवंबर को रामघाट पर होगा समापन, ‘एक दिया शिप्रा के नाम’ अभियान के तहत श्रद्धालु करेंगे दीपदान
उज्जैन। मोक्षदायिनी मां शिप्रा नदी को स्वच्छ, निर्मल और प्रवाहमान बनाने के उद्देश्य से त्रिशूल शिवगण वाहिनी द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली संपूर्ण शिप्रा प्रदक्षिणा यात्रा इस वर्ष 21 नवंबर से प्रारंभ होगी। यात्रा में ज्योतिषपीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज वर्चुअली सम्मिलित होंगे। संस्था के संस्थापक सुरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि कार्तिक मास की द्वादशी से पूर्णिमा तक आयोजित होने वाली इस यात्रा का उद्देश्य शिप्रा नदी के संरक्षण और पुनर्जीवन के प्रति जनजागरण करना है। संस्थापक त्रिशूलपाणी आदित्य नागर ने बताया कि 21 नवंबर को सुबह 8 बजे रामघाट पर पूजन और संतों के आशीर्वचन के बाद यात्रा प्रारंभ होगी। यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए देवलघाट, ग्राम बोलासा, ग्राम शिप्रा, दकनाखेड़ी और शिप्रा के उद्गम स्थल उज्जैनी पहुंचेगी। यहां केवड़ेश्वर धाम में रात्रि विश्राम होगा। चार दिनों में उद्गम से संगम तक की यात्रा 22 नवंबर को यात्रा शिप्रा उद्गम स्थल से सिमरोल और सांवेर होते हुए उज्जैन के दत्त अखाड़ा घाट एवं उपनिषद आश्रम पहुंचेगी। 23 नवंबर को यहां से रणजीत हनुमान, ऋणमुक्तेश्वर, कालभैरव, सिद्धनाथ और शिप्रा-गंभीर संगम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों से होते हुए शिप्रा-चंबल संगम स्थल सिपावरा पहुंचेगी। 24 नवंबर को सिपावरा से वापसी यात्रा महिदपुर घाट, नारायणा धाम, अंगारेश्वर, मंगलनाथ, खाकचौक और केडी गेट सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए शाम 5 बजे रामघाट पहुंचेगी। निर्माण कार्यों के चलते यात्रा मार्ग में आंशिक परिवर्तन भी हो सकता है। पड़ाव स्थलों पर होंगे धार्मिक और पर्यावरण संरक्षण के आयोजन यात्रा के दौरान सभी पड़ाव स्थलों पर शिप्रा पूजन, चुनरी अर्पण, स्वच्छता के लिए श्रमदान, वृक्षारोपण और धर्म चेतना सभाएं आयोजित की जाएंगी। समापन अवसर पर रामघाट पर शिप्रा पूजन, चुनरी अर्पण और संतों के सानिध्य में धर्म चेतना सभा होगी। इसके साथ ही ‘एक दिया शिप्रा के नाम’ अभियान चलाया जाएगा। संस्था के आशीर्वाददाता महामंडलेश्वर ध्यानश्री शैलेश आनंद गिरि महाराज, महंत विशालदास महाराज, महंत नीलेश्वर पुरी महाराज एवं गिरीश गुरु ने शिप्रा संरक्षण के इस अभियान में अधिक से अधिक लोगों से जुड़ने की अपील की है। संतों ने श्रद्धालुओं से 24 नवंबर को रामघाट पर एक दीप प्रज्वलित करने का आग्रह किया। साथ ही अपील की कि दीपदान नदी में प्रवाहित करने के बजाय घाटों पर ही करें, ताकि जल प्रदूषित न हो और नदी में रहने वाले जलीय जीवों को नुकसान न पहुंचे।